डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग द्वारा दाखिल हलफनामे में वोट चोरी से जुड़े सवालों का कोई जवाब नहीं दिया गया है। कांग्रेस के अनुसार, INDI गठबंधन के नेताओं ने अब सुप्रीम कोर्ट से चुनाव आयोग से सीधे सवाल पूछने की अनुमति मांगी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कांग्रेस ने जानकारी दी कि उसने आयोग के सामने 48 सवालों की एक सूची रखी है। पार्टी की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, दो अन्य चुनाव आयुक्त और आईटी महानिदेशक व्यक्तिगत रूप से इन सवालों के जवाब दें।
ये सभी सवाल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में हुई कथित अनियमितताओं से संबंधित हैं।
फैसलों को किसने दी मंजूरी?
कांग्रेस द्वारा जारी सवालों की लिस्ट में मुख्य रूप से यह पूछा गया है कि देशभर में एसआई कराने का निर्णय किसने लिया और फॉर्म 6 में बदलाव को किसने मंजूरी दी।
इसके अलावा, ERONET और ECINET को केंद्रीकृत करने के फैसले पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिसके तहत मतदाता सूची तक पहुंच पर केंद्रीय नियंत्रण लागू किया गया है।
पार्टी ने यह स्पष्टीकरण भी मांगा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए ऐसे कितने फैसले हैं, जिन पर अन्य दो चुनाव आयुक्तों ने असहमति जताई थी। कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया की खामियों ने वोट चोरी का रास्ता तैयार किया है, जिस पर आयोग के शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

















