सिसवा में श्रीराम के जयघोष से गूंजा नगर:रावण दहन के साथ अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

0
1

हिंदू कल्याण मंच की ओर से आयोजित रामलीला मंचन का रविवार देर शाम रावण दहन और भरत मिलाप के साथ श्रद्धापूर्ण समापन हुआ। इस दौरान प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण की भव्य विजय शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, उल्लास और आस्था के संगम में पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ अमरपुरवा स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से शिव-शक्ति पूजन के बाद हुआ। इसमें प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और भक्त हनुमान के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा हट्ठी माता स्थान, दुर्गा माता मंदिर, सायर माता स्थान, काली माता मंदिर और भूअरी माता मंदिर सहित नगर के प्रमुख देवस्थलों से होते हुए रामलीला स्थल पर पहुंची।
यहां कलाकारों ने प्रभु श्रीराम और लंकापति रावण के बीच महासंग्राम का जीवंत मंचन कर दर्शकों को त्रेतायुग की स्मृतियों से जोड़ दिया। अंत में प्रभु श्रीराम का स्वरूप धारण किए कलाकार ने अपने धनुष से बाण चलाकर करीब 30 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक इस दृश्य के साथ ही आकाश जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
रावण दहन के बाद श्रीश्याम मंदिर परिसर में भरत मिलाप का भावपूर्ण आयोजन हुआ। प्रभु श्रीराम और भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर हिंदू कल्याण मंच के अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया, दीपक जायसवाल, विकास जायसवाल, नितेश श्रीवास्तव, रवि यादव, उमेश उमंग, अंकित लाठ, रविराज जायसवाल, मोहन रौनियार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here