रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 36 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। बदलते मौसम के बीच मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।
मेले में डॉ. जितेंद्र पटेल और फार्मासिस्ट बैजनाथ गुप्ता ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक दवाएं वितरित कीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को शरद ऋतु में होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही खानपान, साफ-सफाई और बदलते तापमान के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
डॉ. जितेंद्र पटेल ने बताया कि इन दिनों पीएचसी में सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके अलावा हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज भी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। त्वचा रोग, ब्लड प्रेशर और मधुमेह से प्रभावित लोग भी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श ले रहे हैं। बदलते मौसम में इन बीमारियों के लक्षणों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
उन्होंने लोगों को आगाह किया कि बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवाएं लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार से कई बीमारियों को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है। विशेषकर हृदय रोग, ब्लड प्रेशर और मधुमेह के मरीजों को अपनी सेहत के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
मेले में नित्यानंद पांडेय सहित पीएचसी के स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों के पंजीकरण, जांच और दवा वितरण में सहयोग किया। जन आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सिसवा पीएचसी में मौसमी बीमारियों का बढ़ा प्रकोप:जन आरोग्य मेले में 36 मरीजों की जांच, बदलते मौसम के बीच सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े
BREAKING
NEWS

















