
नासिरगंज कस्बे में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा पर्व भक्तिभाव और धूमधाम से मनाया गया। जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के इस कस्बे में लोहारों की दुकानों पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। कस्बे में स्थित दिनेश कुमार विश्वकर्मा और अजय कुमार विश्वकर्मा की दुकानों पर पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा कराई। इस दौरान दुकान में रखी वेल्डिंग मशीन, हथौड़े, गुनिया, ग्राइंडर समेत अन्य तकनीकी औजारों और यंत्रों की साफ-सफाई की गई। इसके बाद उनका तिलक लगाकर पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर दुकानदारों ने सुख-समृद्धि और कारोबार में उन्नति की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद थे।






























