BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध UP: वर्दी पहनी, सीओ बना और ठग लिए 90 हजार! आजमगढ़ में...

UP: वर्दी पहनी, सीओ बना और ठग लिए 90 हजार! आजमगढ़ में 5वीं पास फर्जी पुलिस अफसर गिरफ्तार

0
2

UP: गंभीरपुर थाना क्षेत्र में खुद को सीओ बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये मांगने और 90 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पांचवीं पास है और पुलिस अधिकारी की वर्दी पहनकर लोगों से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क करता था।

जानिए क्या है पूरा मामला?

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मगरावा गांव निवासी 40 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। उसके पास से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का कूटरचित आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी का सेट और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को गंभीरपुर थाने में शिकायत मिली थी कि संजय ने खुद को पुलिस का सीओ अधिकारी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि 30 अगस्त को उसने 90 हजार रुपये नकद भी लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ALSO READ: Bijnor: सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार, जेवरात और दो स्विफ्ट कार बरामद

जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक सितंबर को पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल की थी। वीडियो कॉल के दौरान उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को विश्वास में लिया। बाद में जब उसके बारे में जानकारी की गई तो उसके पुलिस अधिकारी नहीं होने की पुष्टि हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना और आरोपी की लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से संजय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार ठगी का तरीका

आरोपी पुलिस अधिकारी, विशेषकर सीओ या डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों को वीडियो कॉल करता था। कूटरचित पहचान पत्र दिखाकर वह खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताता और अपने पद एवं प्रभाव का इस्तेमाल कर शराब का ठेका, नौकरी आदि दिलाने का भरोसा देता था। इसके बाद विभिन्न काम कराने के नाम पर रुपये की मांग कर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीरपुर थाने में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2017 में भी धारा 420 भादवि के तहत गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

The post UP: वर्दी पहनी, सीओ बना और ठग लिए 90 हजार! आजमगढ़ में 5वीं पास फर्जी पुलिस अफसर गिरफ्तार appeared first on Breaking Tube.