Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश कोयलाहवा में सड़क पर गंदगीऔर गोबर के ढेरसे राहगीर परेशान:ग्रामीणों के अतिक्रमण...

कोयलाहवा में सड़क पर गंदगीऔर गोबर के ढेरसे राहगीर परेशान:ग्रामीणों के अतिक्रमण से सिकुड़ा रास्ता, स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही परेशानी

कोयलाहवा में सड़क पर गंदगीऔर गोबर के ढेरसे राहगीर परेशान:ग्रामीणों के अतिक्रमण से सिकुड़ा रास्ता, स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही परेशानी

नानपारा/बलहा क्षेत्र की ग्राम सभा कोयलाहवा में सड़क किनारे ग्रामीणों द्वारा गोबर, कूड़ा-कचरा और अन्य गंदगी डाले जाने से राहगीरों एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर जगह-जगह कूड़े और गोबर के ढेर लगे होने के साथ ही अतिक्रमण के कारण रास्ता भी संकरा हो गया है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से होकर शिक्षक और छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर फैली गंदगी के कारण बच्चों के कपड़े खराब हो जाते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी पड़ने से गोबर और कूड़ा सड़क पर फैल जाता है, जिससे फिसलन और दुर्गंध बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बच्चे सड़क पर फैली गंदगी के कारण गिरकर कपड़े खराब कर चुके हैं। प्राथमिक विद्यालय कोयलाहवा के शिक्षक मनोज कुमार यादव एवं प्रधानाध्यापक कमाल नजीब ने बताया कि ग्रामीणों को कई बार सड़क पर कूड़ा-गोबर न डालने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए समझाया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। विद्यालय आने वाले बच्चों को रोजाना गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। वहीं ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम सभा में नियमित रूप से सफाई कराई जाती है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा दोबारा सड़क किनारे कूड़ा और गोबर डाल दिया जाता है। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है और आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों द्वारा खुले में शौच किए जाने की समस्या भी सामने आई है। ग्राम प्रधान के अनुसार गांव में शौचालय उपलब्ध कराए जाने के बावजूद कुछ लोग खेतों और सड़क किनारे शौच के लिए चले जाते हैं। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से सड़क किनारे जमा कूड़ा-गोबर हटवाने, अतिक्रमण पर कार्रवाई करने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों सहित राहगीरों को सुरक्षित और स्वच्छ रास्ता मिल सके।

संबंधित खबरें
Follow @mntnewsbharat