यूपी के बहराइच में विद्युत पोल टूटकर गिर गया। हादसे में निजी लाइनमैन की मौत हो गई। आरोप है कि उसे समय पर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। मौत के बाद भौंरी गांव के पास धान के खेत में शव फेंक दिया गया। शनिवार सुबह शव मिला तो मामला सामने आया। मृतक की भाभी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बौंडी थाना के घूरदेवी गांव निवासी रामतेज (35) बिजली कर्मियों के साथ निजी लाइनमैन के रूप में काम करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव निवासी शिवपूजन उन्हें अपने साथ बुलाकर ले गया था। देर शाम तक रामतेज घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उनका पता नहीं चला। शनिवार सुबह भौंरी गांव के पास धान के खेत में उनका शव पड़ा मिला।
परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही रामतेज के साथ हुई घटना की जानकारी जुटानी शुरू की। पूछताछ में पता चला कि कुछ लोग उन्हें फखरपुर क्षेत्र के बसहिया गांव ले गए थे। वहां विद्युत लाइन ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ने के दौरान खंभा टूटकर गिर गया। इससे रामतेज गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि इसके बाद शिवपूजन उन्हें घायल अवस्था में वजीरगंज स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गया। चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद आरोपी उन्हें लेकर कहीं और चला गया। आरोप है कि रामतेज की मौत होने के बाद शव भौंरी गांव के पास धान के खेत में फेंक दिया गया।
मृतक की भाभी सुंदरी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ महसी पवन कुमार और थाना प्रभारी संजीव वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026
















