मंगलवार को कलेक्ट्रेट हॉल में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें सिसवा के व्यापारियों ने बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल ने बताया कि त्योहारों के मौसम में सिसवा नगर इलाके में बार-बार बिजली कटने से आम लोगों और व्यापारियों को बहुत दिक्कत हो रही है। प्रमोद जायसवाल ने बताया कि सिसवा नगर पालिका इलाके में सालभर कई धार्मिक और सामाजिक त्योहार होते हैं। इन मौकों पर शहर में जुलूस और डोल निकलते हैं। जुलूस के दौरान सुरक्षा और बिजली के इंतजाम के लिए कई बार 12 से 16 घंटे तक बिजली बंद कर दी जाती है। इससे त्योहार में शामिल लोगों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। प्रमोद जायसवाल ने सुझाव दिया कि जुलूस निकलने वाले मुख्य रास्तों पर लगे पुराने और खराब बिजली के तार पहले ही बदल दिए जाएं। इससे जुलूस के दौरान बार-बार बिजली बंद नहीं करनी पड़ेगी और लोगों को लंबी बिजली कटौती से राहत मिलेगी। उन्होंने बिजली विभाग से त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जुलूस रूट का सर्वे कराकर पक्का हल निकालने की मांग की। इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारी अरुण यादव ने व्यापारियों को जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक में सिसवा निवासी पप्पू शर्मा ने बैंक द्वारा लोन न मिलने की शिकायत भी की। इस पर जरूरी कार्रवाई की गई। बैठक में उद्योग और व्यापार से जुड़ी दूसरी दिक्कतों पर भी बात हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा, जयप्रकाश भालोटिया, चंदन सोनी, बृज किशोर जायसवाल समेत कई अन्य व्यापारी मौजूद थे।





















