
बलरामपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोमवार दोपहर 1 बजे कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में थारु जनजातीय छात्रों की पांच टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास की टीम ए और टीम बी के बीच हुआ। टीम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 45 अंक प्राप्त किए, जबकि टीम बी 25 अंक ही जुटा सकी। 20 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर टीम ए विजयी रही। टीम ए के कप्तान मोहित और टीम बी के कप्तान राजू थे। दूसरे मुकाबले में सब्जी मंडी और खलवा मोहल्ला की टीमों ने प्रतिस्पर्धा की। खलवा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 30 अंक अर्जित किए, जबकि सब्जी मंडी की टीम 20 अंक पर सिमट गई। इस प्रकार, खलवा की टीम विजेता घोषित हुई। खलवा के कप्तान अक्षय और सब्जी मंडी के कप्तान राज थे। तीसरा मुकाबला सब्जी मंडी और स्वाभिमान पुरम के बीच खेला गया। स्वाभिमान पुरम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए 30 अंक हासिल किए, जबकि सब्जी मंडी की टीम 15 अंक ही बना सकी। इस जीत के साथ स्वाभिमान पुरम ने फाइनल में प्रवेश किया। टीम का नेतृत्व अखिलेश ने किया। टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मुकाबला खलवा और स्वाभिमान पुरम के बीच फाइनल के रूप में खेला गया। मैदान पर दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। शानदार रेड और मजबूत डिफेंस के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा। अंततः स्वाभिमान पुरम ने 43 अंक हासिल कर खलवा को 33 अंकों पर हराया। दस अंकों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए स्वाभिमान पुरम ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि खलवा की टीम उपविजेता रही। विजेता और रनर-अप टीम को वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख जितेंद्र जी ने अन्य अतिथियों के साथ नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से वनवासी छात्रों के लिए चलाए जा रहे खेलकूद कार्यक्रमों और उनके उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों के भीतर टीम भावना विकसित करने के साथ शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करना है। मुख्य अतिथि डॉ. एसके वर्मा ने थारु जनजातीय बच्चों के लिए समिति द्वारा समय-समय पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
Home लेटेस्ट न्यूज़ बलरामपुर में थारु जनजातीय खिलाड़ियों ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता:राष्ट्रीय खेल दिवस पर...































