
बलरामपुर के पचपेड़वा में बढ़नी-पचपेड़वा रेल खंड स्थित भाथर समपार रेलवे फाटक संख्या 97C पर रेलवे द्वारा कराए जा रहे अंडरपास निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध किया है। युवा समाजसेवी हारून रशीद खान और जिला पंचायत सदस्य इरशाद आलम डब्बू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग केवल स्थानीय आवागमन के लिए नहीं है, बल्कि सीधे नेपाल सीमा को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों गांवों के ग्रामीण, व्यापारी और किसान इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। जिला पंचायत सदस्य इरशाद आलम ने बताया कि पूर्व में अन्य स्थानों पर बने अंडरपास बरसात के दिनों में जलभराव के कारण तालाब में बदल जाते हैं। इससे स्कूली बच्चे, मरीज और आपातकालीन वाहन घंटों फंसे रहते हैं, जिससे गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसके अतिरिक्त, भोजपुर तालुकदार, आजमडीह, फरेंदी, कुशमहर, मिश्रौलिया और कंचनपुर सहित सैकड़ों गांवों के लिए खाद्यान्न, रासायनिक उर्वरक (यूरिया, डीएपी) और भारी कृषि उपकरणों का परिवहन इसी मार्ग से होता है। अंडरपास बनने से भारी वाहनों और ट्रकों का आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। समपार फाटक के निकट सरयू नहर होने के कारण जलभराव का खतरा और भी बढ़ सकता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए युवा समाजसेवी हारून रशीद खान ने पूर्वात्तर रेलवे गोरखपुर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र भेजकर अंडरपास के स्थान पर ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) बनाने की मांग की है। इस जनसमस्या से श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा और पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ को भी अवगत कराया गया है। प्रदर्शन में श्री भगवान तिवारी, नंदकुमार पांडे, सफू अहमद, बृजलाल चौधरी, परवेज अहमद और पंचम यादव सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक फ्लाईओवर की मांग स्वीकार नहीं होती, तब तक अंडरपास का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।




























