
बलरामपुर में 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पुलिस बल ने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, महिला पुलिस और यातायात पुलिस के साथ सक्रिय रहे। मुख्य बाजारों, राखी की दुकानों, मिष्ठान भंडारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति, एंटी रोमियो टीम और महिला बीट पुलिस को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया। इन टीमों ने चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ सर्राफा बाजारों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस मुस्तैद रही। अतिक्रमण हटवाकर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी। पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या घटना की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा संबंधित थाना पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



























