Home लेटेस्ट न्यूज़ सेमरौना में जलभराव की गंभीर समस्या:नालियों की उचित निकासी न होने से...

सेमरौना में जलभराव की गंभीर समस्या:नालियों की उचित निकासी न होने से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

0
10


विशेश्वरगंज विकासखंड के सेमरौना गांव में जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। गांव के कई स्थानों पर नालियों के पानी की उचित निकासी न होने के कारण सड़कों और रास्तों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, आम नागरिकों और नौकरीपेशा लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। कई रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं। ग्रामीण विजय कुमार शुक्ला, रामकुमार शुक्ला, आलोक कुमार मौर्य, शुभम शुक्ला और आनंद शुक्ला ने बताया कि गांव में यह समस्या आए दिन बनी रहती है। नालियां तो बनाई गई हैं, लेकिन पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था न होने के कारण इसका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की ओर कई बार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे धरना-प्रदर्शन करने और विकासखंड कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव का निरीक्षण कर नालियों की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी और तहसीलदार से भी शिकायत कर समाधान की गुहार लगाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here