
बलरामपुर पुलिस ने मंगलवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व अधिकारों के प्रति जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में ग्राम चौपाल व जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्हें उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। टीमों ने दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर मामलों के प्रति लोगों को सचेत किया। बालिकाओं को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में बताते हुए किसी भी असहज स्थिति में परिजनों या पुलिस को तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने संकट की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, थाना स्तर पर संचालित परिवार परामर्श केंद्र की सेवाओं के बारे में भी बताया गया। पुलिस टीमों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए। अभियान के दौरान पुलिस ने नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। मादक पदार्थों के दुष्परिणाम बताते हुए नशे से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई। बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए यह जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
Home लेटेस्ट न्यूज़ बलरामपुर पुलिस ने चलाया महिला सुरक्षा अभियान:जनसंवाद में सुनीं समस्याएं, साइबर ठगी-घरेलू...
































