
बस्ती के रुधौली नगर पंचायत में बुधवार को हलषष्ठी (हलछठ) व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। महिलाओं ने अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखा और विधि-विधान से पूजा की। नगर पंचायत रुधौली के शिव मंदिर, बाबा भिटेश्वरनाथ मंदिर समेत कई धार्मिक जगहों पर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। कई जगह महिलाओं ने मिलकर हलषष्ठी माता की पूजा की और बच्चों की लंबी उम्र व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिरों और पूजा स्थलों पर महिलाओं की भीड़ शुरू हो गई थी। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पूजा सामग्री से पूजा की और हलषष्ठी व्रत की कहानी सुनी। इस दौरान पूरे नगर में भक्ति का माहौल बना रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को हलषष्ठी व्रत रखा जाता है। इसे हलछठ, हरछठ और ललही छठ भी कहते हैं। माना जाता है कि माताएं यह व्रत अपनी संतान की लंबी आयु, स्वास्थ्य और अच्छे भविष्य के लिए रखती हैं। व्रत के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और बाबा भिटेश्वरनाथ की पूजा कर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। पूजा के बाद महिलाओं ने प्रसाद बांटा। पूरे रुधौली नगर में दिनभर धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।






























