
बहराइच के जरवल में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। कृष्णानगर मोहल्ले में शकील अहमद के घर पर लगा बिजली मीटर पिछले पांच दिनों से लगातार स्पार्किंग कर रहा है। इससे घर में आग लगने की आशंका है और बिजली भी बार-बार गुल हो रही है। शकील अहमद ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग में मीटर में हो रही स्पार्किंग की शिकायत की थी। शिकायत दर्ज हुए पांच दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या ठीक नहीं हुई है। उनके पास शिकायत संख्या MVO1092608070 दर्ज होने का प्रमाण भी है। शकील अहमद ने यह भी बताया कि वह परसों पावर हाउस गए थे। वहां रिजवान नाम का एक व्यक्ति मिला, जो बिजली का काम करता है। शकील ने उसे समस्या बताई तो वह घर आकर देखा और 1200 रुपये मांगे। रुपये न होने के कारण वह चला गया। इसके बाद कल केवल जलकर नीचे गिर गई और मीटर में आग लग गई। अब घर में बिजली नहीं है और परिवार परेशान है। शकील ने बताया कि उन्होंने कल 1912 पर फोन करके भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद बिजली कर्मचारी अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि खंभे से तार भी गिर गया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। लगातार स्पार्किंग और कोई कार्रवाई न होने से शकील और उनका परिवार चिंतित है। उनका कहना है कि अगर समय रहते मीटर की समस्या ठीक नहीं की गई, तो किसी भी समय हादसा हो सकता है। उपभोक्ता ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तुरंत मौके पर पहुंचकर मीटर की जांच कराने, खराब मीटर को बदलने और संभावित दुर्घटना को रोकने की मांग की है।































