
घासीपोखरा से बौरेपुर, जखौली, इटई अब्दुल्ला और लौकिया ताहिर को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बहुत खराब हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में बहुत दिक्कत हो रही है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और खतरनाक हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण खराब होती जा रही है। बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से कई जगह सड़क और गड्ढे के बीच फर्क करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बाइक और साइकिल सवारों के गिरकर चोट लगने का डर बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरी काम से गांवों से बाहर जाने वाले लोगों को इसी रास्ते से जाना पड़ता है। सड़क खराब होने के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती है और बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। स्थानीय निवासी रामगोपाल, हीरालाल, जगराम और सलमान ने बताया कि सड़क की हालत कई जगह इतनी खराब है कि राहगीरों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और बड़े गड्ढों को भरवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। अब बारिश के दौरान और दिक्कत बढ़ गई है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर आकर सड़क का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
































