वाराणसी: काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से दूरभाष पर बातचीत कर शहर में बाढ़ के बिगड़े हालातों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने गंगा नदी के जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी, डूब प्रभावित इलाकों तथा राहत शिविरों में चलाए जा रहे बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को कोई परेशानी न हो और राहत अभियान को पूरी तत्परता व युद्धस्तर पर संचालित किया जाए।
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ने राहत कैंपों में ठहराए गए लोगों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयों तथा अन्य अनिवार्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी से काम करे और प्रभावितों तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करे।
प्रधानमंत्री ने निर्देशित किया कि जिन इलाकों में खाद्य सामग्री, तिरपाल अथवा अन्य राशन किट की अतिरिक्त दरकार है, वहां बिना किसी विलंब के आपूर्ति भेजी जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की कोताही या कमी न रहने पाए।
































