
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सदर बीट क्षेत्र में एक विशालकाय मगरमच्छ के दिखने से लोग डरे हुए हैं। यह मगरमच्छ कैलाशपुरी मार्केट से त्यागी बाबा मंदिर के बीच रात के समय नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 9 बजे के बाद मगरमच्छ सड़क पर आता है और काफी देर तक वहीं घूमता रहता है। इसका आकार काफी बड़ा है, जिसे देखकर राहगीर दहशत में हैं। रेन्जर आशीष गौड़ ने लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। ग्रामीणों को कहा गया है कि मगरमच्छ को देखने के लिए उसके पास न जाएं। उसे छेड़ने, भगाने या पकड़ने की कोशिश न करें। वीडियो या फोटो बनाने के चक्कर में अपनी जान खतरे में न डालें। विभाग ने बताया कि यह वन्यजीव अपने प्राकृतिक इलाके में घूम रहा है। अगर बहुत जरूरी न हो तो रात 9 बजे के बाद इस रास्ते से जाने से बचें। मगरमच्छ दिखने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाएं और वन विभाग को सूचना दें। वन्यजीवों के साथ अपनी सुरक्षा भी जरूरी है।































