Home उत्तर प्रदेश 35.18 लाख का शौचालय बना, पर जनता को सुविधा नहीं:सोनौली में 25...

35.18 लाख का शौचालय बना, पर जनता को सुविधा नहीं:सोनौली में 25 अक्टूबर 2024 को पूरा हुआ निर्माण, अब तक नहीं खुला; अधिकारी बोले- जल्द खुलेगा

0
11


महराजगंज के सोनौली नगर पंचायत में 35.18 लाख रुपये की लागत से एक सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल बनाया गया है। हालांकि, यह सुविधा अब तक आम जनता के लिए शुरू नहीं हो पाई है। वार्ड नंबर पांच, गौतमबुद्ध नगर में बने इस शौचालय को लेकर स्थानीय लोगों और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आने-जाने वाले मालवाहक ट्रक चालकों में नाराजगी है। शिलापट्ट के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य 25 अक्टूबर 2024 को पूरा हो गया था। निर्माण पूरा हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी शौचालय का संचालन नहीं होने से इसके इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर सोनौली अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार लगने के दौरान चालकों और अन्य लोगों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में हर दिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। वहीं, नेपाल जाने और भारत आने वाले मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार भी अक्सर लगी रहती है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं हो पाना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लोगों ने जल्द से जल्द शौचालय को आम जनता के लिए खोलने की मांग की है। मालवाहक ट्रक चालक राजकुमार, करण, गंगू, सूरज, विशाल, सतीश और नवीन ने बताया कि शौचालय बंद होने से उन्हें काफी दिक्कतें होती हैं। उनका कहना है कि सीमा पर कई-कई घंटे ट्रकों की कतार में खड़ा रहना पड़ता है, ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी है। इस संबंध में सोनौली नगर पंचायत के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर संदीप कुमार सरोज ने बताया कि शौचालय जल्द ही खुलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ कमियां थीं, जिन्हें दूर कर दिया गया है। अब शौचालय को जल्द ही आम जनता के लिए चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here