
घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है। चौधरी चरण सिंह झंघा घाघरा बैराज पर पानी कम होने से बाढ़ प्रभावित गांवों को राहत मिली है। कई दिनों तक उफान पर रहने के बाद अब घाघरा नदी स्थिर हुई और फिर तेजी से घटने लगी है। बैराज पर जलस्तर कम होने से निचले इलाकों में भरा पानी भी उतर गया है। सुजौली क्षेत्र के रामपुर रेतिया, संपतपुरवा, गुप्तापुरवा, धरमपुर रेतिया, त्रिलोकी गौढ़ी, टिलवा, मुजवा और चहलवा गांवों में खेतों और रास्तों से पानी उतरने लगा है। रामपुर रेतिया के दशपूर्वा और पुलिया पर बह रहा पानी भी कम हो गया है, जिससे लोगों का आना-जाना आसान हुआ है। पानी घटने से किसानों ने राहत महसूस की है। हालांकि, खेतों में कीचड़ और फसल को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। कई जगहों पर धान की फसल में पानी भरा रहने से उसके खराब होने की शिकायतें भी मिल रही हैं।































