Home देश 1100 साल पुरानी लक्ष्मी प्रतिमा पर चोर की नजर, पचमठा मंदिर में...

1100 साल पुरानी लक्ष्मी प्रतिमा पर चोर की नजर, पचमठा मंदिर में चोरी की कोशिश

0
14
News Desk

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित ऐतिहासिक श्री लक्ष्मी-नारायण पचमठा मंदिर में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर दानपेटी से नकदी व बहुमूल्य आभूषण पार कर दिए। बदमाशों ने गर्भगृह से देव प्रतिमा को भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।

पुजारी के जाते ही आधी रात को बोला धावा

महाराजपुर रोड पर स्थित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है, जहां रोजाना सैकड़ों भक्तों का तांता लगा रहता है। मंदिर के पुजारी रोज की तरह बीती रात करीब 9:30 बजे मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर गए थे। देर रात नकाबपोश बदमाशों ने ताले चटकाकर भीतर प्रवेश किया और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखे सारे पैसे और चढ़ावे के आभूषण समेट लिए। सुबह जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो ताले टूटे और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।

सीसीटीवी कैमरे तोड़े, एक कैमरे में कैद हुई गतिविधि

वारदात को अंजाम देने घुसे शातिर बदमाशों ने पहचान छिपाने की नीयत से मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। हालांकि, एक गुप्त कैमरा उनकी नजरों से बच गया, जिसमें चोर मंदिर की ओर जाते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस अब इसी फुटेज और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस, विधायक ने भी लिया जायजा

चोरी की खबर फैलते ही सैकड़ों स्थानीय नागरिक मंदिर परिसर में जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था पर रोष प्रकट किया। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस बल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए कैंट विधायक अशोक रोहाणी भी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस की तीन टीमें तलाश में जुटीं

अधारताल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों की धरपकड़ के लिए तीन विशेष टीमों का गठन कर आसपास के संदिग्ध इलाकों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागों की मदद से चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here