श्रावस्ती में आगामी निर्वाचन से पहले मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने पहल शुरू की है। शुक्रवार दोपहर 2 बजे जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में तीन स्थानों पर ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां मतदाता खुद डमी वोट डालकर मतदान की प्रक्रिया समझ सकेंगे और वीवीपैट पर्ची के जरिए अपने वोट की पुष्टि करने का तरीका भी जान सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर, तहसील भिनगा और इकौना में ये केंद्र स्थापित किए गए हैं। डीएम ने डमी वोट डालकर किया शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार राय ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित प्रदर्शन केंद्र पर डमी वोट डालकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान मशीनों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी जानकारी बढ़ेगी। प्रदर्शन केंद्रों पर तैनात प्रशिक्षित कर्मचारी मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझाएंगे। 7 सेकंड तक वीवीपैट स्क्रीन पर दिखेगी पर्ची केंद्रों पर मतदाता वीवीपैट की स्क्रीन पर सात सेकंड तक दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से यह देख सकेंगे कि उनका वोट किस प्रत्याशी के पक्ष में दर्ज हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों से इन प्रदर्शन केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी।

































