
जुगराज पुरवा के आबादी वाले इलाके में कई दिनों से दिखाई दे रहे तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पिंजड़े में कैद कर लिया। रविवार सुबह करीब 3 बजे तेंदुआ पिंजड़े में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से जुगराज पुरवा और आसपास के गांवों में तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा था। कभी खेतों के पास तो कभी घरों के नजदीक उसके नजर आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। डर के कारण लोग रात में घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे थे। तेंदुआ दिखाई देने की लगातार मिल रही सूचना के बाद वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी थी। टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए एक स्थान पर पिंजड़ा लगाया। रविवार सुबह करीब 3 बजे तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गया। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। टीम आगे की कार्रवाई कर रही है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों में पिछले कई दिनों से बना डर काफी कम हुआ है।































