Home उत्तर प्रदेश ब्लॉक परिसर में कई दिनों से जमा है गंदा पानी:स्वच्छता अभियान चलाने...

ब्लॉक परिसर में कई दिनों से जमा है गंदा पानी:स्वच्छता अभियान चलाने वाले दफ्तर में गंदगी, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण परेशान

0
1


सरकार गांवों को साफ और जलभराव से बचाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। ग्राम पंचायतों में सफाईकर्मी भी तैनात हैं और स्वच्छता की निगरानी की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इसके बावजूद, रेहरा बाजार विकास खंड का ब्लॉक परिसर ही इन व्यवस्थाओं की खराब स्थिति दिखा रहा है। ब्लॉक परिसर में एडीओ पंचायत कार्यालय के सामने कई दिनों से बारिश का गंदा पानी जमा है। यहां आने वाले अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और ग्रामीण सभी को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। लंबे समय से जमा इस पानी से गंदगी और बदबू फैल रही है। जलभराव से मच्छर बढ़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद पानी निकलने का कोई इंतजाम नहीं है, जिससे यह समस्या बनी रहती है। उनका आरोप है कि जब ब्लॉक मुख्यालय पर ही पानी निकालने का सही इंतजाम नहीं है, तो गांवों में सफाई और जलभराव से निपटने की व्यवस्थाओं की निगरानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। रेहरा बाजार विकास खंड में कुल 81 ग्राम पंचायतें आती हैं। इन्हीं पंचायतों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जाती हैं और ब्लॉक स्तर पर उनकी देखरेख की जाती है। ऐसे में मुख्यालय परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था, कामकाज पर सवाल उठा रही है। क्षेत्रीय निवासी रमेश, मुकेश, रवि, अनुराग, मेवालाल और अन्य लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है। उन्होंने ब्लॉक परिसर में पानी निकालने का स्थायी इंतजाम, नियमित सफाई और जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही है। इस मामले में विकास खंड अधिकारी सौरभ पांडे से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। कार्यालय पहुंचने पर भी उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी बातें सामने आएंगी, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here