Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश श्याम जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्ति और श्रद्धा का सैलाब:सिसवा में श्याम प्रभु...

श्याम जन्मोत्सव पर उमड़ा भक्ति और श्रद्धा का सैलाब:सिसवा में श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर भक्ति की बही अविरल धारा, भजनों से गूंजा नगर

भक्ति, श्रद्धा और श्याम प्रेम के अनुपम संगम के बीच रविवार की रात सिसवा में श्री श्याम प्रभु का पावन जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। अशर्फी केशरी अतिथि भवन में आयोजित भव्य धार्मिक समारोह में बाबा श्याम के जयकारों, भजनों की मधुर स्वर लहरियों और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। देर शाम तक श्याम प्रेमी भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे।
आयोजक मंडल के दीपक मद्धेशिया के संयोजन में आयोजित जन्मोत्सव का शुभारंभ रविवार की शाम पावन ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। ज्योति के दिव्य प्रकाश के बीच श्रद्धालुओं ने शीश के दानी बाबा श्याम का स्मरण कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इसके बाद सजी भजन संध्या में सिसवा के शिव केड़िया, अंर्तराष्ट्रीय भजन गायक अमित अंजन, बृजेश शर्मा और नोएडा की अपर्णा मिश्रा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्याम प्रभु की महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया। भक्ति गीतों और भजनों की स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बाबा की भक्ति में डूबे श्याम प्रेमी देर तक भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भंडारा प्रभु इच्छा तक चलता रहा। रात्रि में श्यामप्रेमियों ने केक काटकर खाटू श्याम के जन्मोत्सव को सेलिब्रेट किया। इस आयोजन में सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की भावना भी देखने को मिली।
इस अवसर पर अधिवक्ता गोविंद सोनी, प्रिंस जायसवाल, कृष्णमुरारी सिंह, राजेंद्र केसरी, राजन विश्वकर्मा, संदीप सिंहानिया, बबलू शर्मा, धीरज सिंहानिया, रामउग्रह गुप्ता, राजेश जायसवाल, मनीष केसरी, अनिल खेतान, अनिल शर्मा, अरविंद जायसवाल, रवि रौनियार, मनीष अग्रवाल, चेतन शर्मा, पूनम प्रभा सोनी, रोशनी केसरी, वर्षा जायसवाल, अंशिका सिंह, अंकित लाठ, कृष्णमुरारी शर्मा, शिव जायसवाल, चंद्रसेन सैनी, मक्खन पांडेय, मयंक कुमार, बनारसी गुप्ता, प्रथम शर्मा और रामू मित्तल सहित सैकड़ों की संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।