श्रावस्ती के भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय ने सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर खुले मंच से बड़ी चुनौती दी है। रविवार शाम गिलौला के तिलकपुर मोड़ पर एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अगर कोई एक व्यक्ति भी यह साबित कर दे कि उसे मोदी-योगी सरकार की किसी योजना का लाभ नहीं मिला है तो वह खुद विधायकी से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने आवास, शौचालय, उज्ज्वला, आयुष्मान और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भी तीखे आरोप लगाए। बोले- आवास से लेकर आयुष्मान कार्ड तक का मिल रहा लाभ विधायक ने कहा कि मोदी-योगी सरकार में पात्र लोगों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। किसानों को सालाना 6 हजार रुपए किसान सम्मान निधि दी जा रही है। कोरोना काल से गरीबों को मुफ्त राशन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 10 बिस्वा जमीन रखने वाले किसान को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। इसी आधार पर उन्होंने चुनौती दी कि कोई व्यक्ति योजना का लाभ न मिलने की बात साबित कर दे तो वह विधायकी छोड़ देंगे। सपा सरकार में सैफई में करोड़ों खर्च करने का लगाया आरोप राम फेरन पांडेय ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को दंगाई और लाचार प्रदेश कहा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर सैफई में विदेश से नृत्यांगनाएं बुलाकर करोड़ों रुपए खर्च किए जाते थे। इसके उलट उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन अब डबल इंजन की सरकार में सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान एक महीने तक जनता के बीच सेवा और विकास के काम किए जाते हैं।
बिजली व्यवस्था में सुधार का किया दावा बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में छह-सात घंटे ही बिजली मिलती थी। कभी दिन में तो कभी रात में बिजली आती थी। अब गांवों में 18 घंटे, नगरों में 21 घंटे और जिला मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली दी जा रही है। बोले- पहले अपराधियों का दबदबा था, अब प्रदेश में कानून का राज कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए विधायक ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराधियों का दबदबा था और थानों में दरोगाओं तक की पिटाई होती थी। उन्होंने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे की एक कथित घटना का जिक्र किया, जिसमें एक सीओ को घसीटकर पुलिस की गाड़ी के बोनट पर बैठाया गया और एसपी के बंगले तक ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, जबकि अब कानून का राज स्थापित हुआ है।
भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय खुले मंच से बोले:एक व्यक्ति कह दे मोदी-योगी की कोई योजना नहीं मिली तो विधायकी से इस्तीफा दे दूंगा
BREAKING
NEWS

















