Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश सिसवा के युवक ने एसएससी जीडी में पाई सफलता:पिता का साया छिना,...

सिसवा के युवक ने एसएससी जीडी में पाई सफलता:पिता का साया छिना, परिवार की जिम्मेदारी उठाई

कहते हैं कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके हौसले मुश्किलों के आगे घुटने नहीं टेकते। पिता का साया सिर से उठने, आर्थिक तंगी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष करते हुए ग्राम बेलवा के राकेश चौहान ने एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
राकेश चौहान सिसवा विधानसभा के ग्राम बेलवा, पोस्ट कैमा, थाना कोठीभार के निवासी हैं। उनके पिता शंकर चौहान का निधन हो चुका है। चार भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर होने और बड़ी बहन की शादी के बाद परिवार की जिम्मेदारियां भी उनके कंधों पर आ गईं। मजदूरी के सहारे परिवार का भरण-पोषण होता रहा, लेकिन विपरीत परिस्थितियां उनके सपनों को डिगा नहीं सकीं।
राकेश वर्ष 2019 से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे। आर्थिक चुनौतियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने चिउटहा बाजार स्थित एक्सीलेंस लाइब्रेरी कोचिंग सेंटर में रहकर पढ़ाई जारी रखी। लगातार छह वर्षों की मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास का परिणाम वर्ष 2026 में एसएससी जीडी परीक्षा में चयन के रूप में सामने आया। उनकी सफलता ने साबित कर दिया कि अभावों की जमीन पर भी मेहनत से कामयाबी की इबारत लिखी जा सकती है।
इस उपलब्धि पर लाइब्रेरी में अध्ययनरत विनय यादव, शमसाद अंसारी, जहरुद्दीन अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी, इद्रीश अली, संजना कसौधन, रामानुज पाण्डेय, हरिकेश कुमार, सुप्रिया गुप्ता और शैलपुत्री कसौधन ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि राकेश की सफलता महज परीक्षा उत्तीर्ण करने की उपलब्धि नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल है। संस्थान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन देना है। राकेश जैसे युवाओं की कामयाबी दूसरे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।