बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक में सड़क निर्माण को लेकर प्राचीन हनुमानगढ़ी मठ के महंत नागा गिरजेश दास जी महाराज और जेसीबी चालक के बीच विवाद हो गया। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। विवाद पोखरा से गोटवा जाने वाले मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुआ। महंत अपने आश्रम से वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। रास्ते में उन्हें सड़क तोड़ने का काम कर रही जेसीबी मिली। महंत के मुताबिक, सड़क की स्थिति और निर्माण के तरीके से आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर उन्होंने चालक से शिकायत की। आरोप है कि चालक ने उन पर रौब दिखाया और गाली-गलौज की। इसके बाद महंत ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस देर रात मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। उनसे सुबह थाने पहुंचकर अपनी बात रखने को कहा गया और आगे की कार्रवाई के लिए तारीख देने की बात कही गई। स्थानीय ग्रामीण पोखरा से गोटवा मार्ग पर निर्माण की गुणवत्ता और सड़क पर बिखरी गिट्टी को लेकर पहले से नाराजगी जता रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। इस मार्ग की खराब स्थिति और बिखरी गिट्टी को लेकर दैनिक भास्कर पहले भी खबर प्रकाशित कर चुका है। इसके बावजूद निर्माण के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं।
सड़क निर्माण पर महंत और जेसीबी चालक में विवाद:कप्तानगंज में देर रात पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया
BREAKING
NEWS

















