श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र के सीताद्वार में कार्तिक पूर्णिमा मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस ने इंतजाम किए हैं। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से तय समय पर अपने ड्यूटी पॉइंट पर तैनात रहने को कहा। जनपदीय कंट्रोल रूम और एलआईयू को सक्रिय रहने और सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। मेले में पार्किंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पूरी पुलिस व्यवस्था के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और मेला प्रभारी क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान हैं। यातायात, बैरियर और पार्किंग की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी भिनगा आलोक कुमार सिंह को दी गई है। सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, आठ जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। परिसर में मेला पुलिस चौकी, कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, वॉच टावर और खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। आपात स्थिति के लिए क्यूआरटी टीम, दो फायर टेंडर और फ्लड पीएसी तैनात की गई है। मेले में 18 निरीक्षक, 107 उपनिरीक्षक, 253 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 65 महिला आरक्षियों समेत अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी दो शिफ्टों में तैनात रहेंगे। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। छेड़खानी, चेन और पर्स छीनने की घटनाएं रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए गुंडा दमन दल और एंटी रोमियो टीम भी सक्रिय रहेगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी इकौना निशांत उपाध्याय समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी मौजूद रहे।
सीताद्वार मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात:दो सुपर जोन, आठ जोन और 17 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र; सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
और पढ़ें
BREAKING
NEWS
















