बस्ती के कलवारी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित टांडा घाट पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी के तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाते नजर आए
.
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान और दान का विशेष महत्व होने के चलते आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे घाट पर पहुंचे। श्रद्धालु सड़क मार्ग से पैदल और विभिन्न वाहनों के जरिए टांडा घाट पहुंचते दिखाई दिए। घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही।
नदी में स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र एवं अन्य सामग्री का दान किया। महिलाओं और बुजुर्गों में भी स्नान को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए। घाट पर लोगों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर कलवारी टांडा घाट का नजारा श्रद्धा, भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम के रूप में दिखाई दिया।















