श्रावस्ती जिले के हरिहरपुररानी विकासखंड की चहलवा ग्राम पंचायत में खराब सड़कों और जलभराव से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। गांव की गलियों में जगह-जगह पानी भरा रहता है क्योंकि जलनिकासी की कोई सही व्यवस्था नहीं है। रास्तों पर कीचड़ जमा होने से लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद हालात और बिगड़ जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अधिकारी इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। गलियों में पानी के साथ मिट्टी और कीचड़ जमा होने से पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। कई जगहों पर ज्यादा पानी होने के कारण लोगों को रास्ता पार करने में भी दिक्कत होती है। पंकज प्रजापति ने बताया कि रोजमर्रा के कामों के लिए भी ग्रामीणों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। शाहनवाज ने कहा कि जलभराव के कारण घर से निकलते समय कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। कीचड़ में फिसलकर चोट लगने का डर भी बना रहता है। तबरेज आलम ने बताया कि बारिश के दिनों में गलियों की हालत और खराब हो जाती है। ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी चिंता गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की है। जियाऊलहक ने बताया कि बच्चे के जन्म का दर्द होने पर महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। जलभराव और कीचड़ के कारण एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में मरीज को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए परिवार और ग्रामीणों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। हफीजुल्लाह ने कहा कि रास्तों की हालत सुधारने के साथ जलनिकासी की व्यवस्था भी जरूरी है। तिलक राम मोरिया समेत कई ग्रामीणों ने गांव की गलियों में नालियां बनवाने और उनकी नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को आराम मिल सके।





















