पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह आयोजित
अध्यक्ष जिला पंचायत, विधायक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के 300 ग्राम प्रहरियों को वस्त्र एवं साफा प्रदान कर किया सम्मानित
श्रावस्ती। बरेली में प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी जी ने दिवाली से पहले प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने बरेली में आयोजित कार्यक्रम के मंच से ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की। अब उनका मानदेय 2500 रुपये से बढ़कर 3500 रुपये होगा। इसके साथ ही ग्राम प्रहरियों और उनके परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी। उक्त के तहत आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाईन भिनगा में मुख्यकार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रावस्ती दद्दन मिश्रा, मा0 विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने जनपद के विभिन्न ग्रामों से आए लगभग 300 ग्राम प्रहरियों को वस्त्र एवं साफा प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना भी किया। कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस एवं ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के महत्व पर जोर दिया। ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना अथवा संभावित अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह सहित पुलिस बल व जनपद के समस्त ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।






















