
बहराइच जिले की कैसरगंज तहसील के बिराहिमपुर बेलहौरा ग्राम पंचायत के पहाड़ पूरावा गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली संकट गहराया हुआ है। एक ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के लगभग 50-60 घरों में विद्युत आपूर्ति बाधित है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित विद्युत विभाग को शिकायत दी जा चुकी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर को जल्द बदलवाने और बिजली व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी बहराइच और विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर त्वरित समाधान करने की अपील की है। उनका कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल होने से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई सहित सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सकेगा।































