
बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार को बलरामपुर से विदाई दी गई है। उन्हें झांसी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का पदभार सौंपा गया है। इस अवसर पर रविवार को पुलिस कार्यालय बलरामपुर में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित जनपद के विभिन्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का शुभारंभ निवर्तमान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के स्वागत से हुआ। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस कार्यालय का माहौल सम्मान और भावुकता से भरा रहा। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने विकास कुमार को नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए गए। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश, महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति को मजबूत करने, जनसुनवाई को प्राथमिकता देने, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा नशे और साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए गए अभियानों से बलरामपुर पुलिस को नई पहचान मिली। जनता से सीधे संवाद के चलते पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने कहा कि विकास कुमार के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतरीन समन्वय देखने को मिला। उनका अनुशासित, ऊर्जावान एवं न्यायप्रिय नेतृत्व पुलिस परिवार के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। अन्य अधिकारियों ने भी उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उनके टीम भावना से कार्य करने की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण द्वारा विकास कुमार को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने विदाई संबोधन में विकास कुमार ने कहा कि बलरामपुर में बिताया गया कार्यकाल उनके हृदय के बेहद करीब रहेगा। यहां की जनता का स्नेह, पुलिस परिवार का सहयोग और मीडिया का सकारात्मक समर्थन उन्हें सदैव याद रहेगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ जनसेवा जारी रखने की अपील की। समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, यातायात प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






























