मोहम्मद आसिफ खान | जरवा (तुलसीपुर), बलरामपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एसएसबी की 09वीं वाहिनी के जवानों ने गुरुंग नाका सीमा चौकी पर नेपाल में उत्पन्न बाढ़ आपदा की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बाढ़ के संभावित खतरे और सुरक्षा के लिए बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक करना था।
अभियान के दौरान, जवानों ने ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बच्चों को पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाने देने की सलाह दी और आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने के महत्व पर जोर दिया।

जवानों ने लोगों को किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों को तत्काल सूचित करने के लिए भी प्रेरित किया। एसएसबी जवानों ने बताया कि आपदा के समय सतर्कता और समय पर सही कदम उठाना जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लोगों को लगातार आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि वे किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें।






























