Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर में 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में...

कुशीनगर में 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0
3

कुशीनगर। कुशीनगर में पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई है। तरयासुजान थाना क्षेत्र के झड़वा रेलवे अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाश आशु यादव के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान उसके कब्जे से पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए हैं।   पुलिस के मुताबिक, आशु यादव बिहार के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बिंदवलिया गांव का रहने वाला है। वह पुलिस पर हमले के एक मामले में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बीते दिनों हाईवे पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया गया था। इस घटना में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में शामिल चार आरोपियों में से तीन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था जबकि आशु यादव फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद थाने में रखा था। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान आशु ने पेट में दर्द होने की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस उसे इलाज के लिए बाइक से अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आशु यादव ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी के होलेस्टर से सरकारी पिस्टल निकाल ली और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आशु के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके पास से सरकारी पिस्टल के साथ मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और फायर किए गए कारतूस बरामद किए। घायल आशु को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।मुठभेड़ की कार्रवाई में तमकुहीराज और तरयासुजान थाना पुलिस के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और पुलिस टीम पर हमले की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, सरकारी पिस्टल लेकर भागने और पुलिस पर फायरिंग करने के मामले में भी उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here