
मुंबई। मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 साल के बच्चे की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार (इनोवा क्रिस्टा) ने सड़क किनारे खड़े आठ साल के एक मासूम बच्चे को कुचल दिया, हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के वक्त कार को मेघना रावल नाम की एक जिम ट्रेनर महिला चला रही थी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा महिला ड्राइवर की घोर लापरवाही और ड्राइविंग के दौरान लगातार फोन पर बात करने की वजह से हुआ है। घटना दोपहर लगभग 3:30 बजे के आसपास घटी। बताया जा रहा है कि 8 साल का बच्चा सड़क के किनारे खड़ा था, वह सड़क पार भी नहीं कर रहा था। तभी अचानक जिम ट्रेनर मेघना रावल की बेकाबू कार आई और बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। कार का टॉर्चर इतना खौफनाक था कि गाड़ी के दोनों पहिए मासूम के ऊपर से होकर गुजर गए। मृतक बच्चे की पहचान 9 वर्षीय अंश रविंद्र गुप्ता के रूप में हुई है।घटनास्थल पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि कार चला रही मेघना रावल का पूरा ध्यान ड्राइविंग पर नहीं बल्कि लगातार फोन पर हो रही बात पर था।बच्चे को टक्कर मारने और कुचलने के बाद भी उसने गाड़ी रोकने की जहमत नहीं उठाई। वह फोन पर बात करती रही और आगे बढ़ती रही। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग भड़क गए और दो लोगों ने दौड़कर जैसे-तैसे कार को रुकवाया और मासूम को कार के नीचे से बाहर निकाला। हादसे के बाद बच्चे को तुरंत हॉली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चे के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित बच्चे के पिता रविंद्र गुप्ता और मां पूनम इस हादसे के बाद से सदमे में हैं। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों में आरोपी महिला के प्रति काफी गुस्सा है, पुलिस से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलने के बाद बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला चालक मेघा रावल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105, 281, 125 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। बांद्रा पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की रफ्तार के अलावा आरोपी महिला के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप समेत पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

























