BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home देश प्रयागराज: छुट्टी पर घर आए सिपाही की फंदे से लटकर मौत, हत्या...

प्रयागराज: छुट्टी पर घर आए सिपाही की फंदे से लटकर मौत, हत्या या सुसाइड? जांच में जुटी पुलिस

 

प्रयागराज के थरवई इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जैतवारडीह गांव निवासी और यूपी पुलिस में तैनात जवान बलराम पाल की घर के अंदर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार को उनका शव कमरे में दुपट्टे/फंदे के सहारे लटकता मिला।

ये है मामला 

जानकारी के मुताबिक बलराम पाल इन दिनों छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। दोपहर में जब परिजनों की नजर कमरे पर पड़ी तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शव लटका देख घर में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर दौड़ पड़े।

मामले की सूचना थरवई थाने को दी गई। प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह टीम के साथ तुरंत गांव पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया, जिन्होंने कमरे से जरूरी सबूत इकट्ठे किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भेज दिया।

हो रहीं चर्चायें

आखिर सिपाही ने ऐसा कदम क्यों उठाया? इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मानकर चल रही है, लेकिन हत्या की आशंका को भी खारिज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश की जा रही है।

पुलिस अब मृतक के परिवार, दोस्तों और करीबियों से बात कर रही है ताकि मौत से पहले की स्थिति का पता चल सके। अधिकारियों ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही तस्वीर साफ होगी, उसी आधार पर आगे एक्शन लिया जाएगा।