रायबरेली : शहर के मिलएरिया थाना क्षेत्र स्थित मलिकमऊ चौराहे पर रात के अंधेरे में दुकानों को हटाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) की जमीन पर टीन शेड डालकर संचालित की जा रही कई दुकानों को कथित तौर पर जेसीबी से रातोंरात हटवा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद से वहां लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों के सामने गंभीर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दरअसल, पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक दुकानें हटाने पर मजबूर किया गया। मौके से उनका सारा सामान और टीन शेड भी गायब कर दिए गए हैं। दुकानदारों के मुताबिक, वे पिछले करीब दो दशकों से इस चौराहे पर दुकानें चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
Also Read: UP: अमेठी में अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गौरीगंज CHC के बाहर चला बुलडोजर
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई कार्रवाई और पुलिस की भूमिका
बता दें कि यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वायरल फुटेज में कथित तौर पर जेसीबी मशीन के जरिए दुकानों को हटाए जाने का दृश्य साफ नजर आ रहा है। इसके साथ ही, दुकानदारों ने एक सिपाही की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि पिछले दो-तीन दिनों से एक सिपाही लगातार उनकी दुकानों पर आ रहा था और उन्हें खुद ही दुकानें हटा लेने की चेतावनी दे रहा था। इस घटना से यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी पहले से थी।
अस्पताल की पार्किंग के लिए कार्रवाई का शक
दुकानदारों ने आशंका जताई है कि पास ही स्थित एक निजी अस्पताल की पार्किंग तैयार कराने के उद्देश्य से इन दुकानों को हटवाया गया है। फिलहाल, पीड़ित दुकानदारों ने पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
The post रायबरेली: रातोंरात उजड़ीं दुकानें! 20 साल से चल रही दुकानों पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप appeared first on Breaking Tube.















































