रिपोर्ट: गजेंद्र कुमार गुप्त।
महराजगंज (निचलौल): MNT (मुम्बई नेत्र टाइम्स) न्यूज़ पर बजहाँ गाँव में फर्जी मस्टर रोल और सरकारी धन की बंदरबाँट की खबर प्रमुखता से प्रसारित होते ही पूरा प्रशासनिक महकमें में हड़कंप मच गया। जिस गाँव में कल तक 84 मजदूर ‘अदृश्य’ होकर कागज़ों पर पसीना बहा रहे थे, आज खबर का चाबुक चलते ही खंड विकास अधिकारी संतोष यादव (BDO) ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया और तत्काल जाँच के आदेश जारी कर दिए। असर यह हुआ कि कागज़ी ‘मायाजाल’ सिमट गया और प्राइमरी विद्यालय के पास वास्तव में मजदूर हाथों में कुदाल थामे धरातल पर पसीना बहाते नजर आए।

बिना कागजी प्रक्रिया के कराया था काम, अब मस्टर रोल से भुगतान की थी पूरी तैयारी।
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के मुताबिक, इस पूरे खेल की परतें अब खुलने लगी हैं। ग्राम प्रधान अरविंद कुशवाहा द्वारा यह कार्य बिना किसी कागजी खानापूर्ति के करीब दो महीने पहले ही करा लिया गया था। चूँकि इस पुराने काम का भुगतान अटका हुआ था, इसलिए मस्टर रोल जारी कर कागज़ों में फर्जी हाजिरी भरकर सरकारी खजाने से पैसे ऐंठने की पूरी व्यूहरचना रची गई थी। लेकिन MNT(मुम्बई नेत्र टाइम्स) न्यूज़ की खोजी पत्रकारिता ने इस सुनियोजित फर्जीवाड़े की हवा निकाल दी।

खबर चलते ही रोजगार सेवक को लगी ‘मिर्ची’, बौखलाहट में लगा रहे मनगढ़ंत आरोप।
MNT(मुम्बई नेत्र टाइम्स) न्यूज़ पर खबर प्रसारित होने के बाद अगर सबसे ज्यादा किसी की नींद हराम हुई है, तो वह हैं ग्राम रोजगार सेवक जय गिरीश पटेल। सच उजागर होते ही अपनी गर्दन फंसती देख रोजगार सेवक साहब पूरी तरह बौखला गए हैं। ‘खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे’ की कहावत को चरितार्थ करते हुए, जय गिरीश अब अपनी घोर लापरवाही, नाकामी और भ्रष्टाचार में लिप्तता को छिपाने के लिए दूसरों पर अनर्गल व मनगढ़ंत आरोप मढ़ने में जुट गए हैं।पहले तो साहब ने खुद को गाँव का रोजगार सेवक मानने से ही इनकार कर दिया था, और अब जब पोल खुल चुकी है तो अपनी कुर्सी बचाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। सवाल यह उठता है कि क्या केवल फर्जी बातें बनाकर और दूसरों पर कीचड़ उछालकर रोजगार सेवक जय गिरीश अपनी जवाबदेही और कानूनी कार्रवाई से बच पाएंगे? BDO द्वारा शुरू की गई जाँच के बाद अब देखना यह होगा कि इस फर्जीवाड़े के मुख्य किरदार बने रोजगार सेवक पर प्रशासन क्या कड़ा शिकंजा कसता है।













































