*मिशन शक्ति अभियान के आगामी चरण की तैयारियों व प्रभावी क्रियान्वयन हेतु डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र श्री अशोक कुमार द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन सभागार गोण्डा में गोष्ठी आयोजित कर अभियान के सम्बन्ध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की गयी एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।*
आज दिनांक 29.09.2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा श्री अशोक कुमार द्वारा परिक्षेत्रीय जनपदों की मिशन शक्ति प्रभारियों, जनपदीय नोडल अधिकारियों तथा महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन सभागार जनपद गोंडा में गोष्ठी आयोजित कर मिशन शक्ति अभियान के आगामी चरण की तैयारियों, अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन आदि के संबंध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की गयी । इस दौरान डीआईजी श्री अशोक कुमार द्वारा मिशन शक्ति प्रभारियों एवं संबंधित पुलिसकर्मियों से संवाद कर अभियान के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों एवं समस्याओं के बारे में पूछा गया, मिशन शक्ति टीमों के पास उपलब्ध भवनों, संसाधनों की स्थिति एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए महिला पुलिसकर्मियों से विभिन्न विषयों पर उनके सुझाव भी लिये गये। इस दौरान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं एवं संसाधन उपलब्ध कराये जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये ।
डीआईजी श्री अशोक कुमार द्वारा अपने सम्बोधन में कहा गया कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए समर्पित अभियान है, अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सभी पुलिसकर्मियों को अपने स्तर से ऐसे प्रभावी प्रयास करने होंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं एवं बालिकाएं इससे लाभान्वित हो सकें ।
महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, हेल्प लाइन नम्बरों तथा साइबर सुरक्षा आदि के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान कर उन्हें भयमुक्त वातावरण देना तथा जागरुक करना ही हमारा उद्देश्य है । अभियान के सम्बन्ध में जारी एस0ओ0पी का समय-समय पर अवलोकन कर उसके अनुरूप कार्य करते हुए आम जनमानस, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है ।
थाने पर आने वाली महिला शिकायतकर्ताओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े तथा उनकी निजता, गरिमा एवं सम्मान हर परिस्थिति में बनाए रखा जाना सुनिश्चित किया जाए। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों द्वारा प्रत्येक शिकायतकर्ता से शालीनता, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार ही किया जाए। शिकायतकर्ता की बात को धैर्यपूर्वक सुनना, उसकी समस्या को समझना तथा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करना महिला हेल्प डेस्क की प्राथमिक जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान की सफलता केवल अभियान चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना, पुलिस के प्रति विश्वास तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
*इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक झा, अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विशाल पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती श्री चंद्रकेश सिंह, क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी समेत सर्व सम्बन्धित उपस्थित रहे ।*









































