
महराजगंज में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक पशु चिकित्सा शिविर लगाया। यह शिविर ठूठीबारी समवाय के तहत आने वाले वाइब्रेंट ग्राम निपनिया में आयोजित किया गया। इसका मकसद नागरिक कल्याण कार्यक्रम (VCA) के तहत सीमावर्ती गांवों में लोगों की मदद करना था। कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के निर्देश पर लगे इस कैंप में कुल 249 पशुओं का मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें जरूरी दवाएं और इलाज भी दिया गया। शिविर में पशुपालकों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने के तरीके बताए गए। उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण और साफ-सफाई से जुड़ी जरूरी बातें भी समझाई गईं। स्थानीय पशुपालकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर इस मुफ्त शिविर का फायदा उठाया। SSB के अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों में पशुपालकों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देना और लोगों की भलाई के काम करना SSB की हमेशा प्राथमिकता है।






























