
बलरामपुर पुलिस ने पुलिसकर्मियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें न्यायालय में गवाही देने के लिए दूसरे जिलों की अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर एसपी कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेल (वीसी सेल) बनाया गया है। इस व्यवस्था के तहत बलरामपुर में तैनात पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और जिले में रह रहे सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी (पेंशनर्स) गैर-जनपद की अदालतों में गवाही देने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करेंगे। वे एसपी कार्यालय के वीसी कक्ष से ऑनलाइन अदालत के सामने पेश होकर अपनी गवाही दर्ज करा सकेंगे। पुलिस विभाग की इस पहल से पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे समय और सरकारी संसाधनों की भी बचत होगी। साथ ही, अदालती गवाही की प्रक्रिया में तेजी आएगी और व्यवस्था अधिक पारदर्शी व प्रभावी होगी।
यह व्यवस्था ‘उत्तर प्रदेश राज्य न्यायालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमावली-2020’ और इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत शुरू की गई है। वीसी सेल के माध्यम से अदालत और गवाह के बीच सुरक्षित और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन संपर्क स्थापित किया जाएगा। वीसी सेल के संचालन के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। इसमें निरीक्षक चंदन कुमार को प्रभारी बनाया गया है। वहीं कांस्टेबल मोहित निर्मल और कांस्टेबल कृष्ण कांत त्रिपाठी को टीम में शामिल किया गया है। गवाही के दौरान अदालती अनुशासन और कोर्टरूम के नियमों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाएगा। किसी अनजान व्यक्ति को वीसी कक्ष में रहने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, कैमरा या किसी अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण के गलत इस्तेमाल पर भी सख्त रोक रहेगी। गवाही के दौरान गवाह की सुरक्षा, सुविधा और अदालत से बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बलरामपुर पुलिस की यह पहल अदालती प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने के साथ ही पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को व्यावहारिक राहत देने वाली है।
Home उत्तर प्रदेश पुलिसकर्मी-पेंशनर्स को अब नहीं लगाने होंगे गैर-जनपद अदालतों के चक्कर:बलरामपुर पुलिस ने...
































