महेश अग्रवाल | पयागपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

पयागपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कस्बे और ग्रामीण इलाकों के मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर सजावट, झांकियों और खास आयोजनों की तैयारी आखिरी दौर में है। इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिख रहा है।
पयागपुर के पंचायती मंदिर परिसर में जन्माष्टमी समारोह को खास बनाने के लिए आयोजन समिति ने तैयारी शुरू कर दी है। मंदिर में इस बार एक बड़ी पर्वत श्रृंखला बनाई जा रही है। आयोजन समिति के सदस्यों के मुताबिक, इस पर्वत श्रृंखला के बीच भगवान देव महादेव की मूर्ति लगाई जाएगी। इसे सुंदर सजावट और बिजली की रोशनी से आकर्षक बनाया जाएगा।
आयोजन समिति के दादू शर्मा, अनमोल, संतोष शुक्ला, योगेश और पप्पू ने बताया कि जन्माष्टमी की रात मंदिर आने वाले भक्तों के लिए यह झांकी खास रहेगी।
इसी तरह भोपागंज बाजार के त्रिदेव मंदिर, कोर्ट बाजार के संतोषी माता मंदिर, बस स्टैंड के काली माता मंदिर और अमरनाथ मंदिर समेत इलाके के कई धार्मिक स्थलों पर भी जन्माष्टमी की तैयारी शुरू हो गई है। कहीं मंदिरों की साफ-सफाई हो रही है तो कहीं रंगाई-पुताई और सजावट का काम चल रहा है। मंदिर समितियां भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों और दूसरे धार्मिक कार्यक्रमों की भी तैयारी कर रही हैं।
पयागपुर थाना परिसर में भी जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। यहां जन्माष्टमी का आयोजन लंबे समय से होता आ रहा है। इस दौरान पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे जोश के साथ मनाते हैं।
जन्माष्टमी पर्व करीब आने के साथ ही पयागपुर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर चहल-पहल बढ़ गई है। श्रद्धालुओं को अब पर्व के दिन का इंतजार है।
































