जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को कांग्रेस खासकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को घेरा। कहा- राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र में विदेशी दखल चाहते हैं और सत्तारूढ़ नरेन्द्र मोदी सरकार को हटाने के लिए विदेशी समर्थन मांग रहे हैं।
रिजिजू की यह टिप्पणी कांग्रेस की ओर से हैदराबाद में आयोजित भारत समिट के दौरान यूरोपीय नेता गियाकोमो फिलिबेक के उस दावे के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है।
इटालियन राजनीतिज्ञ और यूरोपीय समाजवादियों के दल (पीईएस) के महासचिव फिलिबेक ने कहा था कि इसकी रक्षा का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना है। भारत में लोकतंत्र से जुड़ी चुनौतियों पर वैश्विक ध्यान खींचने के लिए अंतरराष्ट्रीय बैठकें और सम्मेलन अहम हैं।
साथ ही उन्होंने टिप्पणी की थी- “वोट चोर, गद्दी छोड़ो।” यहां बता दें कि जब फिलिबेक यह टिप्पणियां कर रहे थे तो राहुल गांधी अपनी सीट पर बैठकर तालियां बजा रहे थे।
एएनआइ के अनुसार, एक्स पर बिना किसी का नाम लिए केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने भारत के घरेलू मामलों में विदेशी राजनीतिक हस्तियों के हस्तक्षेप की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने देश को निशाना बनाकर की गई बाहरी टिप्पणियों पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं को लेकर भी सवाल उठाए। रिजीजू ने लिखा- क्या आपने कभी किसी विदेशी के भारत का अपमान करने पर किसी को हंसते देखा है? मैं यह नहीं पूछ रहा हूं कि कौन-सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।
पीटीआई के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हैदराबाद में तेलंगाना सरकार की मेजबानी में हुए भारत समिट में विदेशी प्रतिनिधियों के सामने मोदी सरकार को हटाने की गुहार लगा रहे थे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारत वास्तव में अब लोकतंत्र नहीं रह गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने यह भरोसा भी जताया था कि हम मोदी को हराने जा रहे हैं और मोदी से छुटकारा पा लेंगे। भंडारी ने कहा कि इससे पता चलता है कि राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ हैं और विदेशी मदद से सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।
भंडारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा-राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र में विदेशी दखल चाहते हैं। वह विदेशी शक्तियों और जार्ज सोरोस की कठपुतली बन गए हैं जो भारत में अस्थिरता चाहते हैं। कांग्रेस भारत-विरोधी है।
इससे पहले, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने भारत समिट में लोकतंत्र और भाजपा को लेकर गांधी की टिप्पणियों की निंदा की और कांग्रेस नेता से देश से माफी मांगने की मांग की।












