Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश आसाराम की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शीतकालीन अवकाश के बाद होगी...

आसाराम की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शीतकालीन अवकाश के बाद होगी सुनवाई, जोधपुर दुष्कर्म मामले में सजा को दी गई है चुनौती

0
10

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जोधपुर दुष्कर्म मामले में दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखने वाले राजस्थान हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम की याचिका पर शीतकालीन अवकाश के बाद सुनवाई होगी।

जस्टिस जेबी पार्दीवाला और के. विनोद चंद्रन की पीठ ने मंगलवार को कहा कि इस मामले में 26 अक्टूबर को पैरोल की अवधि समाप्त होने पर आसाराम ने अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।

पीठ ने कहा, हम शीतकालीन अवकाश के तुरंत बाद मामले पर सुनवाई करेंगे। पीठ ने कहा कि गांधीनगर में दर्ज 2013 के दुष्कर्म मामले में अपनी दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ आसाराम की अपील गुजरात हाई कोर्ट में अब भी लंबित है।

सुप्रीम कोर्ट शीतकालीन अवकाश के बाद चार जनवरी को फिर खुलेगा। सुप्रीम कोर्ट ने 14 अक्टूबर को गुजरात हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती देने वाली आसाराम की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था, जिसमें बीमार पत्नी से मिलने के लिए उसे जमानत देने से मना किया गया था।

जोधपुर और गांधीनगर में दर्ज अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)