डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के कोल्लम जिले में एक निजी स्कूल के करीब चल रहे तारकोल मिक्सिंग प्लांट से होने वाले प्रदूषण के कारण 55 से 60 छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ, खुजली और बेचैनी की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल आठ एंबुलेंस की मदद से सभी प्रभावित छात्रों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थानीय प्रतिनिधियों और निवासियों के अनुसार, अलग-अलग कक्षाओं के लगभग 55 से 60 छात्र इससे प्रभावित हुए हैं। लोअर क्लास से लेकर प्लस टू तक के छात्रों ने शारीरिक परेशानी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत मेडिकल मदद का इंतजाम किया।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित छात्रों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाने के लिए लगभग आठ एम्बुलेंस लगाई गई थीं। इस घटना ने स्कूल के पास चल रहे टार-मिक्सिंग प्लांट को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पंचायत प्रशासन ने पहले इस प्लांट को बंद करने का नोटिस दिया था, लेकिन कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद इसने फिर से काम करना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि प्लांट के दोबारा काम शुरू करने के बाद ही छात्रों में ये स्वास्थ्य समस्याएं देखने को मिलीं। इस घटना के बाद पुलिस और पंचायत प्रशासन ने मामले में दखल दिया है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

















