डिजिटल डेस्क, तिरुपति। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की याद में आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक मंदिर बनाया जा रहा है। कुरनूर के येमिगनूर मंडल के गुडीकम गांव में, प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां हीराबेन मोदी को समर्पित एक मंदिर और स्मारक का निर्माण आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है।
‘माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी’ की पहल पर शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य हीराबेन मोदी की विरासत को सम्मान देना है। साथ ही, इसमें आध्यात्मिक भक्ति के साथ-साथ सामुदायिक कल्याण के कार्यों को भी जोड़ा गया है। रविवार, 15 नवंबर को इस परिसर के लिए भूमि पूजन किया गया, जिसमें अडोनी से बीजेपी विधायक पीवी पार्थसारथी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने ही आधारशिला रखी।
कई राजनीतिक दलों को लोग मौजूद रहे
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर, इस कार्यक्रम में विभिन्न दलों के स्थानीय नेताओं ने हिस्सा लिया। इनमें, बीजेपी, जन सेना पार्टी और YSR कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि शामिल थे, साथ ही गांव के बुजुर्ग और ट्रस्ट के सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बोलते हुए, विधायक पार्थसारथी ने सोसाइटी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्मारक मातृत्व को एक श्रद्धांजलि है, और उस महिला को सम्मान है जिसने एक ऐसे नेता को पाला-पोसा, जो आज देश को विकास की राह पर आगे ले जा रहा है।
ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने भी इसी भावना को दोहराते हुए कहा कि हीराबेन मोदी ने देश को नरेंद्र मोदी जैसा नेता दिया है, इसलिए समाज की सामूहिक यादों में उनका स्थान हमेशा रहना चाहिए।
हीराबेन मोदी की एक संगमरमर की मूर्ति तैयार की गई
‘माता श्री मंदिरम चैरिटेबल सोसाइटी’ के अध्यश्र एन शिवकुमार के अनुसार, यह प्रोजेक्ट गुडीकल में चिह्नित की गई जमीन पर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसके लिए दानदाताओं और समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग मिल रहा है। हीराबेन मोदी की एक संगमरमर की मूर्ति भी तैयार कर ली गई है, जिसकी लागत लगभग 3 लाख रुपये है। मंदिर का गर्भगृह पूरा होने के बाद इस मूर्ति को वहां स्थापित किया जाएगा।
परिसर में भगवान शिव, भगवान राम, भगवान गणेश के मंदिर बनाए जाएंगे
हीराबेन मोदी को समर्पित इस स्मारक के अलावा, इस पूरे परिसर में भगवान शिव, भगवान राम, भगवान गणेश और दक्षिणामूर्ति के मंदिर भी बनाए जाएंगे। आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज सेवा पर जोर देते हुए, यह धर्मार्थ संस्था सबसे पहले परिसर में एक गौशाला का निर्माण करेगी, जिसके बाद मुख्य मंदिर के ढ़ांचे और एक अनाथालय का निर्माण किया जाएगा।
आयोजकों को उम्मीद है कि फंड मिलने पर, निर्माण कार्य के मुख्य चरण अगले कुछ महीनों में पूरे हो जाएंगे। हीराबेन मोदी का 30 दिसंबर 2022 को 99 साल की उम्र में निधन हो गया था।






























