बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की पटरी से अतिक्रमण हटाने पहुंची एनएचएआई की टीम को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने कार्रवाई में एकरूपता रखने की मांग करते हुए कहा कि घघौवा से हर्रैया तक कई स्थानों पर सड़क की पटरी पर दुकानें संचालित हो रही हैं। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी के खिलाफ समान रूप से की जानी चाहिए। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम की दो गाड़ियां, एक एंबुलेंस और एक हाइड्रा मशीन मौके पर पहुंची। टीम की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही दुकानदारों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि कुछ लोगों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी सड़क की पटरी पर दुकानें लगी हुई हैं। इस दौरान दुकानदारों और टीम के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। दुकानदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के इंसिडेंट मैनेजर अश्वनी तिवारी से फोन पर बातचीत कर कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सड़क से दूरी पर दुकान लगाने के बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने मांग की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो तो सभी स्थानों पर समान रूप से की जाए। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि शिव पूजन यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इंसिडेंट मैनेजर अश्वनी तिवारी ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें नोटिस जारी कर सड़क की पटरी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
एनएच-27 से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, दुकानदारों ने जताया विरोध:शंकरपुर में कार्रवाई में एकरूपता रखने की मांग, अधिकारियों से दिया भरोसा
BREAKING
NEWS

















