डिजिटल डेस्क, विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के तट पर 17 नवंबर को एक और गंभीर चक्रवाती तूफान दस्तक दे सकता है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिणपूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को गहरे डिप्रेशन में बदल गया।
मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े पांच बजे यह अंडमान द्वीप के श्री विजय पुरम (पोर्ट ब्लेयर) से करीब 700 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम में केंद्रित था।
मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने की आशंका है।
इसके प्रभाव से उत्तरी आंध्र में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने तथा जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने के लिए कहा गया है।
पिछले 20 दिनों में बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट पर आने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। इससे पहले 27 अक्टूबर को अर्नब चक्रवात नरसापुरम के पास तट से टकराया था, जबकि तीन नवंबर को मुरासू चक्रवात ने नेल्लोर और नरसापुर के बीच दस्तक दी थी।
राज्य आपदा प्रबंधन ने लोगों और मछुआरों को सतर्क किया
एक सप्ताह के भीतर आए इन दो चक्रवातों से 15 लोगों की मौत हुई थी और तटीय जिलों में बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा था। बिजली नेटवर्क, सड़कों और फसलों पर इसका असर पड़ा।
शुरुआती आकलन के मुताबिक, मुरासू से करीब 1,919.59 करोड़ रुपये और अर्नब से 4,600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। मुरासू के कारण 1,43,122 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई थी, जिससे 1,86,063 किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)












